पर्वत संकल्प
उत्तराखण्ड देहरादून

अवैध खनन से जुड़ा हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में चालक की मौत, भाऊवाला पुल पर प्रदर्शन

देहरादून। पछवादून क्षेत्र में कथित अवैध खनन से जुड़ा एक हादसा सामने आया है। सेलाकुई थाना क्षेत्र स्थित स्वर्णा नदी में मंगलवार देर रात खनन सामग्री लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चालक रूपन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि वन विभाग की गश्ती टीम को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर तेजी से निकलने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली रास्ते में पड़े पत्थर से टकरा गई, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाया नहीं जा सका।

घटना के विरोध में बुधवार को मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने भाऊवाला पुल पर शव रखकर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा। 

मृतक रूपन सिंह मूल रूप से बिहार का निवासी था और लंबे समय से अपने परिवार के साथ भाऊवाला पुल के समीप झुग्गी-झोपड़ी में रह रहा था।

सूचना मिलने पर खनन कारोबारी और संबंधित वाहन स्वामी मौके पर पहुंचे। परिजनों को तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और जाम खोल दिया गया।

इस घटना के बाद क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदियों में खनन पर प्रतिबंध होने के बावजूद पछवादून क्षेत्र में रात के समय लगातार खनन गतिविधियां संचालित हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Related posts

केदारनाथ में टूटा 2024 का रिकॉर्ड, श्रद्धालुओं की संख्या 16.56 लाख के पार

admin

हमारी सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही है

मंत्री रेखा आर्या ने  की एकल महिला स्वरोजगार योजना, आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाओं की नियुक्ति, महिला कल्याण कोष, नन्दा गौरा योजना आदि की समीक्षा

admin

Leave a Comment