पर्वत संकल्प
उत्तराखण्ड

चारधाम यात्रा मार्ग पर बन रहे 14 सेल्फी और व्यू प्वाइंट, 10 तैयार –

उत्तरकाशी(आरएनएस)। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधा देने के साथ यात्रा को यादगार बनाने के लिए उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। जिले में 31.32 लाख रुपये की लागत से 14 सेल्फी, व्यू प्वाइंट और पथ प्रदर्शक स्थल विकसित किए जा रहे हैं। इन स्थलों पर यात्रियों को प्राकृतिक नजारों के बीच रुकने, विश्राम करने और फोटो खींचने की सुविधा मिलेगी।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के दिशा-निर्देशन में शुरू की गई योजना के तहत चिन्यालीसौड़ से गंगोत्री और धरासू बैंड से जानकीचट्टी तक राष्ट्रीय राजमार्गों पर जर्जर पड़े पुराने यात्री प्रतीक्षालयों का कायाकल्प किया जा रहा है। लघु सिंचाई विभाग ने ऐसे स्थानों को चिन्हित कर उन्हें आधुनिक स्वरूप देने की प्रक्रिया शुरू की है।
लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता मदन मोहन शर्मा के अनुसार भटवाड़ी, नौगांव, पुरोला और मोरी विकासखंडों में कुल 14 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें हीना पार्किंग, मनेरी डैम झरना, डबरानी, सुक्कीटॉप, झाला, हर्षिल, गंगोत्री धाम में दो स्थल, यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर दो स्थल, लाखामंडल यात्रा मार्ग, पुरोला और मोरी शामिल हैं।
10 स्थल तैयार, चार पर काम जारी
योजना के तहत 14 में से 10 स्थलों का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं हीना पार्किंग में सेल्फी प्वाइंट, डबरानी में पथ प्रदर्शक स्तंभ, पुरोला में व्यू एवं सेल्फी प्वाइंट तथा मोरी में यात्रा मार्ग के पुनरोद्धार और सेल्फी प्वाइंट का निर्माण जारी है। इन कार्यों को सितंबर के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पर्यटन को मिलेगा नया आकर्षण
प्रशासन का मानना है कि इन स्थलों के विकसित होने से यात्रियों को केवल विश्राम और फोटोग्राफी की सुविधा ही नहीं मिलेगी, बल्कि उत्तरकाशी के पर्यटन स्थलों को भी नया आकर्षण मिलेगा। प्राकृतिक और हिमाच्छादित दृश्यों वाले इन स्थानों को विकसित करने से स्थानीय पर्यटन गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Related posts

समग्र शिक्षा का बजट खर्च न होने पर शिक्षा मंत्री ने लगाई फटकार

admin

हिचकी से परेशान हैं? इन 5 असरदार घरेलू नुस्खों को आजमाएं

admin

दूर होगा जाम का झाम, 11 स्थानों पर जल्द मिलेगी पार्किंग सुविधा

admin

Leave a Comment