पर्वत संकल्प
उत्तराखण्ड

प्रेमिका ने 5 लाख की सुपारी देकर कराई पूर्व प्रेमी की हत्या की कोशिश, बैंककर्मी पर फायरिंग का पुलिस ने किया खुलासा

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में 8 सितंबर को बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई फायरिंग की घटना का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, बैंककर्मी की पूर्व प्रेमिका ही पूरी साजिश की सूत्रधार निकली। आरोप है कि प्रेम संबंध टूटने और युवक द्वारा दूसरी युवती से सगाई करने से नाराज प्रेमिका ने उसकी हत्या के लिए बदमाश को 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर पुलिस और एसओजी की टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के माध्यम से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को गिरफ्तार किया, जबकि घटना में शामिल शूटर अंकित चौहान को पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगी। एक अन्य आरोपी अंकुर फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर को साक्षी चौहान अपने फुफेरे भाई सत्यम कुमार के साथ स्कूटी से बड़ोवाला की ओर जा रही थीं। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने स्कूटी को ओवरटेक कर रास्ता रोका और सत्यम पर गोली चला दी। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। 11 सितंबर को पुलिस को दोनों शूटरों के दोबारा देहरादून आने की सूचना मिली। गोरखपुर चौक के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों ने भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर आरोपी चाय बागान की पगडंडी पर बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पूछताछ में अंकित ने पुलिस को बताया कि उसे मोहित के माध्यम से मालिया रहमान ने सत्यम की हत्या की सुपारी दी थी। सौदा पांच लाख रुपये में तय हुआ था, जिसमें एक लाख 20 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। पुलिस के अनुसार, मालिया ने शूटर को सत्यम की फोटो और देहरादून स्थित उसके बैंक कार्यालय की जानकारी भी उपलब्ध कराई थी।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मालिया वर्ष 2020 से 2023 तक हरिद्वार स्थित उज्जीवन बैंक में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सत्यम से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। बाद में मालिया ने परिवार के दबाव में शादी कर ली, लेकिन सत्यम से संपर्क बना रहा। पुलिस के मुताबिक, इसी कारण उसकी शादी भी टूट गई।
वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून स्थित उज्जीवन बैंक की शाखा में आ गया। आरोप है कि दोनों के बीच करीब चार-पांच वर्ष तक संपर्क रहा। फरवरी 2026 में सत्यम ने किसी अन्य युवती से सगाई कर ली और धीरे-धीरे मालिया से बातचीत बंद कर उसे सोशल मीडिया पर भी ब्लॉक कर दिया। इससे नाराज होकर मालिया ने कथित तौर पर सत्यम को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत 8 सितंबर को अंकित चौहान और अंकुर देहरादून पहुंचे और बड़ोवाला क्षेत्र में सत्यम पर फायरिंग की। हालांकि सत्यम की मौत नहीं हुई और पुलिस की सक्रियता से साजिश का खुलासा हो गया।
गिरफ्तार आरोपी:
मालिया रहमान (26), निवासी पावदोई मोहल्ला, ज्वालापुर, हरिद्वार और मोहित (25), निवासी पुष्कर एन्क्लेव, ज्वालापुर, हरिद्वार।
मुठभेड़ में घायल आरोपी:
अंकित चौहान (25), निवासी लक्सर, हरिद्वार।
वांछित आरोपी:
अंकुर, निवासी लक्सर, हरिद्वार।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देसी तमंचा, दो खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में पुलिस फरार आरोपी अंकुर की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Related posts

शिक्षा के नाम पर धर्मांतरण का खेल उजागर, बाल आयोग की छापेमार कार्रवाई

parvatsankalp_editor

बेबी कॉर्न को डाइट में शामिल करने से मिल सकते हैं ये 5 स्वास्थ्य लाभ

admin

दूर होगा जाम का झाम, 11 स्थानों पर जल्द मिलेगी पार्किंग सुविधा

admin

Leave a Comment