पर्वत संकल्प
Uncategorized

लापता किशोर दिल्ली से बरामद

रुद्रपुर,17,11,2022

छह महीने पहले घर से लापता किशोर को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार दिल्ली से बरामद कर लिया है। किशोर को परिजनों को सौंप दिया गया है। इससे परिजनों में खुशी का माहौल है। थानाध्यक्ष अनिल उपाध्याय ने बताया कि क्षेत्र के गांव बुक्सौरा के तारकधाम कॉलोनी निवासी रघुनाथ सिंह का पुत्र जितेंद्र सिंह (16) बीती 18 मई को घर से संदिग्ध अवस्था में लापता हो गया था। उसके बड़े भाई यशपाल की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। मामले की विवेचना एसआई देवेंद्र मेहता को सौंपी गई थी। एसआई मेहता ने बताया कि किशोर घर से पांच सौ रुपये लेकर निकला था। वह ट्रेन से दिल्ली चला गया। दिल्ली में कुछ दिन तक रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन के आसपास घूमता रहा। इस बीच चाइल्डलाइन ग्रुप ने उसे पकड़ लिया। बाद में उसे जहांगीरपुरी स्थित स्वयंसेवी संस्था प्रयास चिल्ड्रन होम के सुपुर्द कर दिया गया। एसआई ने बताया कि किशोर के पास मोबाइल फोन नहीं होने के चलते उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही थी। इसके बाद पंफलेट बनाकर उसे देश के सभी महानगरों और आसपास के क्षेत्रों के थानों, रेलवे और बस स्टेशनों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा करने के साथ लोगों में वितरित कर प्रचार-प्रसार किया गया। स्वयंसेवी संस्था के एक कार्यकर्ता ने पंफलेट देखकर किशोर को पहचान लिया। उसने फोन कर यहां की पुलिस को जानकारी दी। गुरुवार सुबह जितेंद्र को जहांगीरपुरी दिल्ली से थाने लाया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बालक के मिलने से परिजनों में खुशी का माहौल है। वहीं परिजनों के साथ क्षेत्रवासियों ने भी पुलिस के प्रयासों की सराहना की है।

Related posts

एक राज्य, एक प्रवेश के तहत समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण  शुरू

मुख्यमंत्री ने टनकपुर में बनने वाले अन्तरराज्यीय बस अड्डे की भूमि का किया निरीक्षण

सुबह उठते ही घबराहट, थकान, शरीर में है दर्द तो नजरअंदाज न करें, हो सकती है ये बड़ी वजह

Leave a Comment