पर्वत संकल्प
उत्तराखण्ड

एमडीडीए बोर्ड की 114वीं बैठक में 25 विकास प्रस्तावों को मंजूरी, देहरादून-मसूरी में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक बुधवार को गढ़वाल आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के सुनियोजित विकास से जुड़े करीब 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद उन्हें नियमानुसार स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें लैण्ड पूलिंग योजना, पर्यटन अवसंरचना, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल तथा रेस्टोरेंट निर्माण से संबंधित परियोजनाएं प्रमुख रहीं।

बैठक की शुरुआत एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी द्वारा अध्यक्ष एवं बोर्ड सदस्यों के स्वागत के साथ हुई। इसके उपरांत 113वीं बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई, जिसे बोर्ड ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।

बैठक में विकासनगर क्षेत्र के कल्याणपुर, परगना पछवादून में एमडीडीए की लैण्ड पूलिंग योजना के तहत खरीदी गई भूमि के प्रथम चरण के तलपट का भू-उपयोग निःशुल्क परिवर्तित किए जाने के प्रस्ताव को भी बोर्ड ने नियमानुसार आगे बढ़ाने की अनुमति प्रदान की।

पर्यटन एवं शहरी विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भी बोर्ड ने विस्तार से चर्चा की। होटल, पर्यटन इकाई, रिटेल आउटलेट, औद्योगिक भवन, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट भवन निर्माण से संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र में निवेश, रोजगार और आधुनिक शहरी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद जताई गई।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि एमडीडीए का मुख्य उद्देश्य तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों में योजनाबद्ध एवं संतुलित विकास को बढ़ावा देना है। इसी दृष्टिकोण के तहत सभी प्रस्तावों की तकनीकी एवं नियामकीय समीक्षा के उपरांत स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे विकास कार्य निर्धारित मानकों और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ सकें।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय क्षेत्र के संतुलित एवं नियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने कहा कि लैण्ड पूलिंग सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति मिलने से निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। प्राधिकरण पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य संस्कृति के साथ विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बोर्ड से स्वीकृत सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक परियोजना की तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से पूरा करते हुए विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाए जाएंगे।

बैठक में अध्यक्ष आनन्द स्वरूप, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, संयुक्त सचिव (वित्त) प्रतिनिधि विजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (एफआर) प्रतिनिधि कृष्ण कुमार मिश्र, उप नगर आयुक्त प्रतिनिधि तनवीर सिंह, मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक एस.एम. श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम सौरभ शर्मा, सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, वित्त नियंत्रक संजीव कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता शांति सिंह रावत तथा सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में अध्यक्ष ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।

Related posts

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर धामी सरकार ने विशेष फोकस किया है : पूर्व मुख्यमंत्री

बागेश्वर का भारत सरकार द्वारा जिला कौशल विकास योजना पुरूस्कार के लिए चयन

admin

राज्यपाल ने किया ‘वैली ऑफ वर्ड्स’ इंटरनेशनल लिटरेचर एंड आर्ट फेस्टिवल के 9वें संस्करण का शुभारंभ

admin

Leave a Comment