पर्वत संकल्प
उत्तराखण्ड

महिला सहकर्मी से छेड़छाड़, पीछा करने और ब्लैकमेलिंग का आरोप, दंपती पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। राजपुर रोड स्थित एक निजी जीवन बीमा कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारी की शिकायत पर रायपुर थाना पुलिस ने उसके सहकर्मी और उसकी पत्नी के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करने, ब्लैकमेलिंग, धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि कंपनी में कार्यरत उसका सहकर्मी अमरदीप सिंह लंबे समय से उसका पीछा कर रहा था। आरोप है कि एक दिन वह नशे की हालत में महिला के घर पहुंच गया और उसके साथ अशोभनीय हरकतें कीं। घटना के बाद पीड़िता ने अप्रैल 2026 में मयूर विहार चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय अमरदीप सिंह और उसकी पत्नी सोनम ने लिखित माफीनामा देकर भविष्य में ऐसी हरकत न करने का आश्वासन दिया था।

पीड़िता का आरोप है कि समझौते के बावजूद उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। शिकायत के अनुसार, अमरदीप सिंह ने महिला के फेसबुक अकाउंट से उसकी तस्वीरें डाउनलोड कर लीं, जबकि उसकी पत्नी सोनम ने वे तस्वीरें पीड़िता के पति और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजकर उसकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 30 जुलाई को सोनम उसके ससुराल पहुंची और वहां उसके सास-ससुर के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की। पीड़िता का कहना है कि दोनों आरोपी लगातार उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में है और कार्यालय जाने से भी डर रही है।

रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि जाखन, राजपुर रोड निवासी अमरदीप सिंह और उसकी पत्नी सोनम के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

देहरादून : आम आदमी पार्टी ने किया नगर निगम में हल्ला बोल  

मुख्यमंत्री आज बद्रीनाथ में

बागेश्वर : लघु सिंचाई विभाग ने नहर क्षतिग्रस्त कर लगा दिया तीन इंच का पाइप  

Leave a Comment