उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा :तूफान और बारिश के बीच पुलिस व फायर सर्विस ने चलाया राहत अभियान

अल्मोड़ा(आरएनएस)।  जिले में रविवार को आए तेज तूफान, आंधी और भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। कई जगहों पर पेड़ मकानों पर भी गिर गए। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मार्गों को सुचारु कराया और लोगों को सुरक्षित निकाला। फायर स्टेशन अल्मोड़ा को सूचना मिली कि पप्परशैली के पास मुख्य मार्ग पर विशालकाय पेड़ गिरने से लंबा जाम लग गया है। फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर वुडन कटर मशीन की सहायता से पेड़ को काटकर सड़क से हटाया और यातायात बहाल कराया। इसके बाद कसार देवी क्षेत्र में भी मुख्य मार्ग पर गिरे पेड़ को हटाकर आवाजाही सामान्य की गई। वहीं थाना दन्या क्षेत्र में आरतोला-जागेश्वर मार्ग, दन्या तथा आरासल्पड़ क्षेत्र में पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हो गया था। पुलिस टीम ने जेसीबी और वुडन कटर मशीन की मदद से पेड़ों को हटाकर मार्ग को सुचारु कराया। थाना लमगड़ा क्षेत्र के ग्राम धूरा संगरौली, छड़ोजा ग्राउंड के पास निवासी पूरन चंद पांडे के मकान पर भी विशालकाय पेड़ गिर गया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पेड़ की कटाई-छंटाई कर मकान को खतरे से बाहर किया। घटना में मामूली नुकसान हुआ, जबकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस और फायर सर्विस की टीमें जिले में लगातार सतर्कता के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।

Related posts

17 देशों के 51 प्रतिनिधि पंतनगर एयरपोर्ट पहुँचे

सीएम धामी ने होटल यशैल सेण्टर(रेडिशन ब्लू) में ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2023 के अन्तर्गत क्षेत्रीय निवेश कान्क्लेव में प्रतिभाग

बागेश्वर उपचुनाव में 19 लाख की शराब पकड़ी, इतने लाख का कैश-चांदी और चरस भी जब्त

Leave a Comment