पर्वत संकल्प
उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा : सेवा पखवाड़ा के तहत शहरफाटक में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष ने सुनीं जनसमस्याएं

अल्मोड़ा(आरएनएस)। ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को विकासखंड लमगड़ा के प्राथमिक विद्यालय शहरफाटक परिसर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। मुकेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से लोगों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से शिविरों का संचालन पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ करने को कहा। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर करीब 1300 लोगों ने पहुंचकर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान आधार कार्ड, राशन कार्ड, विद्युत एवं पेयजल बिल, पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं से जुड़े मामलों का निस्तारण किया गया। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। बाल विकास विभाग ने पांच पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की। डेयरी विकास विभाग ने गंगा गाय योजना के तहत एक लाभार्थी को 70 हजार रुपये का पशु क्रय अनुदान चेक तथा चार दुग्ध उत्पादकों को स्वच्छ दुग्ध उत्पादन किट प्रदान की। पशुपालन विभाग ने ब्रॉयलर फार्म योजना के तहत एक लाभार्थी को 15 हजार रुपये और बकरी पालन योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को 51 हजार रुपये का अनुदान चेक दिया। इसके अलावा आठ पशुपालकों को पशु औषधि किट भी वितरित की गई। शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। उन्होंने योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव भी साझा किए। शिविर में कुल 19 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित स्तर पर कार्रवाई के लिए भेजा गया। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिविर में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री का भी वितरण किया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख त्रिलोक सिंह रावत, उपजिलाधिकारी जैंती-भनोली सौम्या गर्ब्याल, खंड विकास अधिकारी रोहित वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related posts

सीएम धामी ने पद्मविभूषण मुरली मनोहर जोशी से उनके आवास पर जाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया  

ओ.पी. जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी और फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने सबसे बड़े मानव राष्ट्रीय ध्वज लहराने का नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया

पौड़ी : पिंजरे में कैद हुआ गुलदार

admin

Leave a Comment