देहरादून(आरएनएस)। देवी अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की ऐसी महान शासक थीं जिन्होंने न्याय, सेवा, करुणा और धर्म के आधार पर आदर्श शासन स्थापित किया। उन्होंने देशभर में अनेक मंदिरों, घाटों व तीर्थस्थलों का जीर्णोद्धार कर भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के संरक्षण में अमूल्य योगदान दिया। यह बात रविवार को होल्कर एजुकेशनल ट्रस्ट, देवी अहिल्याबाई होल्कर उत्सव समिति उत्तराखंड और एडिफाई वर्ल्ड स्कूल देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में लोकमाता पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कही।
कार्यक्रम का शुभारंभ पार्थिव शिवलिंग पूजन, महारुद्राभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार, महाआरती व देवी अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। वक्ताओं ने देवी अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श शासन, न्यायप्रियता, महिला सशक्तिकरण, धर्म संरक्षण और जनकल्याणकारी कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके जीवन को वर्तमान समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठान, सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा रहे। इस अवसर पर देवी अहिल्या बाई होल्कर उत्सव समिति ने पद्म भूषण से सम्मानित व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का अभिनंदन किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति (सेवा निवृत) लोकपाल सिंह उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष डॉ विनय कुमार रूहेला मौजूद रहे, उन्होंने मुख्यमंत्री का संदेश सुनाया। इसके अलावा उत्तराखंड सरकार की उप सचिव ऋचा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख खेम सिंह पाल ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय सिंह पाल ने की। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण देवी अहिल्याबाई होल्कर सम्मान समारोह रहा। इसमें शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण, संस्कृति, युवा विकास, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 55 विशिष्ट विभूतियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा एडिफाई वर्ल्ड स्कूल, देहरादून के शैक्षणिक सत्र 2025-26 के टॉपर्स को भी सम्मानित किया गया। समर कैंप में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र- स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम के संयोजक एडवोकेट पंकज होल्कर, अनिल कुमार पाल, डीके पाल, राजेश पाल, शशांक पाल, बबलू पाल, एडवोकेट ओम प्रकाश पाल, प्रधानाचार्य यशवंत पाल, सुभाष चंद पाल, राज कुमार पाल, शेर सिंह पाल, एडिफाई वर्ल्ड स्कूल देहरादून के प्रधानाचार्य प्रदीप गौड़ ने सभी अतिथियों का आभार जताया। इस दौरान पूर्व प्रधान जगदीश पाल, पवन पाल आदि मौजूद रहे।
