पर्वत संकल्प
मनोरंजन

प्रणय गीत — अनुराधा पाण्डेय

हाँ यही दो नयन, हाँ यही दो नयन

तोड़ कर वर्जना भेदते प्राण‌ मन ।

 

इन दृगों पर भला जोर चलता कहाँ

चौर्य करते हृदय ये अनायास ही ।

स्वप्न बुनते अमित नेह अनुराग के,

तन सदा से रहा भाव का दास ही ।

पाटते ये हृदय की अकथ दूरियाँ,

रोक सकता भला पाँव कैसे मदन !

हाँ! यही दो नयन–

 

पंथ प्रेमिल हृदय से हृदय तक गढ़े,

छोड़ द्वय को गये ये बना कर पथिक ।

क्षण विरह क्षण मिलन क्रम रहे आयु भर,

रोध व्यतिक्रम न संभव फले फिर तनिक ।

चाह कर भी उभय मुक्त इससे न हों …

प्रेम से कर शुरू प्रेम तक है अयन ।

हाँ! यही दो नयन–

 

बिम्ब तेरा उतारा प्रथम चक्षु ने,

और भेजी पुनः वो ललित सूचना ।

तब प्रणय भान मेरे हृदय को हुआ,

अंकुरित हो गई चित्त में रंजना ।

भाव कोमल जगे बढ़ गई धड़कनें,

प्राण ! तेरा किया इस विहग ने चयन ।

हाँ ! यही दो नयन,हाँ! यही दो नयन,

तोड़ कर वर्जना भेदते प्राण मन ।

अनुराधा पाण्डेय, द्वारिका , दिल्ली

Related posts

बहादुरगढ़ हरियाणा की साहित्यकार अर्चना गोयल ‘माही’ को मिलेगा काव्य रत्न सम्मान

admin

पत्रकार, कवि डा.महताब आज़ाद को मिला भागीरथ सम्मान 2022

admin

डा.महताब को धरती माता स्मृति सम्मान से नवाजा

admin

Leave a Comment