हरिद्वार

शारदीय नवरात्र: पहले दिन घरों और मंदिरों में हुई मां शैलपुत्री की पूजा

ऋषिकेश,22,09,2025

 

ऋषिकेश(आरएनएस)। शारदीय नवरात्र के शुभारंभ पर तीर्थनगरी में माता आदिशक्ति की पूजा शुरू हो गई। व्रतियों ने घर और मंदिरों में कलश स्थापित किए। विधिविधान के साथ व्रती लोगों ने हरियाली बोई। पहले दिन भक्तों ने शैलपुत्री की पूजा की गई। सुबह से लेकर शाम तक घरों-मंदिरों में माता के भजन गूंजते रहे। कीर्तन मंडली की महिलाओं ने माता के भजन गाए। सोमवार को त्रिवेणीघाट समेत मुनिकीरेती, तपोवन, लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम, रायवाला और श्यामपुर क्षेत्र के गंगा घाट और तटों पर गंगाजल लेने के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। नरेंद्रनगर मार्ग स्थित भद्रकाली मंदिर, सोमेश्वर नगर स्थित सोमेश्वर मंदिर, वीरभद्र क्षेत्र स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर, चंद्रेश्वन नगर स्थित चंद्रेश्वर महादेव मंदिर, मायाकुंड स्थित तारामाता मंदिर, मुखर्जी मार्ग स्थित गोपाल मंदिर, शीशमझाड़ी स्थित मां कात्यायनी मंदिर आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्तों ने मंदिरों में पहुंचकर माता के पहले स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की और मंदिर व घरों में कलश स्थापित किए गए। पूर्जा अर्चना के दौरान प्रसाद के रूप में माता की मूर्ति के समीप फल, श्रीफल, मेवा आदि का प्रसाद चढ़ाया गया। शाम ढलते ही शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर व्रती लोगों ने उपवास तोड़ा।
माता के भजनों से भक्तिमय बना वातावरण :  ऋषिकेश के तमाम मंदिरों में नवरात्र को लेकर वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। देवी मंदिरों में जगह जगह विशेष भजन-कीर्तन किए जा रहे हैं। देहरादून रोड स्थित दुर्गा मंदिर, मणिराम मार्ग स्थित दुर्गा मंदिर, त्रिवेणी घाट स्थित दुर्गा मंदिर समेत अन्य मंदिरों में पूजा अर्चना के साथ साथ श्रद्धालुओं ने माता के भजनों की प्रस्तुतियां भी दी। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर ढोल बाजे के साथ भजन कीर्तन किया। नवरात्र के शुभारंभ पर गंगा स्नान को उमड़ी भीड़ सोमवार को शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हुआ। जिसको लेकर सुबह से ही गंगा तटों पर स्नान के लिए श्रद्धालु पहुंचते दिखे। श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी घाट, दत्तात्रेय घाट, पीपल घाट, नाव घाट, रामानंद घाट, साईं घाट, आवास विकास स्थित गंगा घाट, मुनिकीरेती स्थित दयानंद घाट, शत्रुघ्न घाट, स्वर्गाश्रम स्थित रामझुला घाट, सीता घाट, लक्ष्मणझूला घाट आदि जगहों पर पहुंचकर गंगा स्नान किया और उसके बाद मंदिरों में पहुंचकर मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की। नवरात्र के चलते बाजार में दिखी रौनक नवरात्र को लेकर ऋषिकेश के बाजारों में रौनक दिखी। हालांकि अधिकांश श्रद्धालुओं ने बीते रविवार को ही पूजन सामग्री की खरीददारी कर ली थी। लेकिन जो श्रद्धालु इससे वंचित रह गए थे, उन्होंने बाजारों में पहुंचकर पूजन सामग्रियों की खरीदारी की। इसके अलावा प्रसाद के लिए फलों की खरीददारी जमकर हुई। फल की दुकानों व ठेलियों में श्रद्धालुओं की भीड़ दिखी।
शक्ति की उपासना का पर्व है नवरात्र: स्वामी चिदानंद शारदीय नवरात्रि के शुभारंभ अवसर पर परमार्थ निकेतन में स्टेम सेल थैरेपी कैंप का शुभारंभ किया गया। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि यह पावन पर्व, मां दुर्गा की आराधना और शक्ति की उपासना का अवसर है। कहा कि स्टेम सेल थैरेपी कैंप केवल चिकित्सा का केंद्र नहीं, बल्कि नयी आशा का दीपक है। आधुनिक विज्ञान की प्रगति और प्राचीन दर्शन की करुणा जब एक साथ आती है, तो समाज के लिए अमृत बन जाती है। इस कैंप का उद्देश्य रोगों से पीड़ित व्यक्तियों को केवल उपचार देना नहीं, बल्कि जीवन में नयी ऊर्जा, नयी प्रेरणा और नई दृष्टि देना भी है। आर अग्रवाल हॉस्पिटल्स एवं जीन रिसर्च फाउंडेशन बैंगलोर की टीम ने इम्यून बूस्टर स्टेम सेल इंजेक्शन लगाकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा प्रदान की। मौके पर साध्वी भगवती सरस्वती, डा. सुनीता राणा अग्रवाल आदि रहे।

Related posts

हरिद्वार : मनसा देवी मंदिर पैदल मार्ग पर हुई  भगदड़ में 8 श्रद्धालुओं की मौत ,28 घायल  

admin

परमार्थ निकेतन आश्रम पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

admin

उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए डॉ. बी.आर. अंबेडकर महामंच ने किया मुख्यमंत्री धामी को सम्मानित  

admin

Leave a Comment