रुद्रप्रयाग

राजराजेश्वरी मन्दिर में चोरी के आरोपी को पुलिस ने पकड़ा,-मन्दिर के पुजारी को भी किया था गम्भीर घायल

रुद्रप्रयाग,18,09,2025

रुद्रप्रयाग, आजखबर। अगस्त्यमुनि थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम कंडारा स्थित राजराजेश्वरी मंदिर में चोरी का प्रयास करने व पुजारी पर हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने बागेश्वर से गिरफ्तार किया।
बीते दस सितम्बर की रात्रि में अगस्त्यमुनि क्षेत्र के ग्राम कण्डारा स्थित राज राजेश्वरी मन्दिर के गेट का ताला तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया गया। मन्दिर में लगा सायरन बजने से मन्दिर के पुजारी कमलेश्वर प्रसाद जाग गए और उन्होंने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। चोर ने पाइप लाइन पर काम करने वाली रेंच से पुजारी पर वार किया, जिससे उन पर भी गम्भीर चोटें आई। हालांकि इस दौरान पुजारी ने भी स्वयं के बचाव में चोर पर वार किए। पुजारी के चिल्लाने तथा गांव की तरफ भागने व गांव वालों को एकत्रित करने के बीच चोर रात्रि को ही अंधेरे से मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया था। घटना की जानकारी रात्रि में ही पुलिस को मिलने पर पुलिस स्तर से तत्काल मन्दिर, गांव के आस-पास के क्षेत्र में आवश्यक ढूंढखोज की गयी।
घटना की तहरीर पर अगस्त्यमुनि थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की। पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने आरोपी को उसके वाहन यूके 02 ए 3985 मेस्ट्रो स्कूटी सहित जनपद बागेश्वर से गिरफ्तार किया।
एसपी रुद्रप्रयाग अक्षय कोंडे ने बताया है कि चोरी की घटना में गिरफ्तार किए गए व्यक्ति को नई तकनीकों व टूल्स की मदद से गिरफ्तारी करने में सफलता मिली है। इसके द्वारा करीब 10 वर्ष पूर्व भी इस प्रकार की घटना कारित की गयी थी, जिसमें इसको जेल भी हुई थी। बताया कि आरोपी की पहचान हयात सिंह पुत्र जय सिंह निवासी ग्राम नामचो, चेटाबगड़, थाना कपकोट, जनपद बागेश्वर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में बागेश्वर में किराए पर रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद अभियोग में धारा 305 (पूजा स्थल पर चोरी), 331 (गृहभेदन), 115(1), 118(1) व 62 भारतीय न्याय संहिता की धाराएं बढ़ाई गई हैं। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजा गया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अगस्त्यमुनि महेश रावत, अपर उपनिरीक्षक जावेद अली, एल.एफ.एम. संतोष गुसाईं, आरक्षी रविन्द्र सिंह, आरक्षी विनय पंवार शामिल थे।

Related posts

अलकनंदा उफान पर, लोगों के घरों में घुसा पानी, लोगों ने भागकर बचाई जान

admin

सीएम बोले, 30 सितंबर तक अलर्ट मोड में रहें अफसर

admin

प्रदेश में बने हैं त्राहिमाम्-त्राहिमाम् जैसे हालातः हरक सिंह

admin

Leave a Comment