उत्तराखण्ड

सल्ट में कार खाई में गिरी, पीएनबी के हेड कैशियर की मौत

अल्मोड़ा,14,03,2026

 

अल्मोड़ा(आरएनएस)।  जिले के सल्ट क्षेत्र में कूपी बेंड के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार व्यक्ति की मौत हो गई। अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार में सवार व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान पंजाब नेशनल बैंक की थलीसैंण शाखा में कार्यरत हेड कैशियर सुभाष सिंह बिष्ट के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह करीब 7:25 बजे सूचना मिली कि कूपी बेंड के पास एक वैगनआर कार सड़क से फिसलकर लगभग 60 मीटर गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही सल्ट थाना प्रभारी कश्मीर सिंह पुलिस टीम और रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर कार संख्या यूके-19बी-0880 सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरी हुई थी और वाहन के भीतर एक व्यक्ति फंसा हुआ था। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर व्यक्ति को कार से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुभाष सिंह बिष्ट पुत्र धीरेंद्र सिंह बिष्ट के रूप में हुई है। वह कचनाल गाजी, बिजली घर के पास, काशीपुर (जनपद ऊधम सिंह नगर) के निवासी थे। उनका मूल निवास ग्राम सुनवर्मा तल्ला, पटवारी क्षेत्र गुजडू, तहसील धुमाकोट, जनपद पौड़ी गढ़वाल बताया गया है। बताया गया कि सुभाष सिंह बिष्ट वर्तमान में पंजाब नेशनल बैंक की थलीसैंण शाखा में हेड कैशियर के पद पर तैनात थे। हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिवार और परिचितों में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरने को हादसे का कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कूपी बेंड क्षेत्र में सड़क संकरी होने और तीखे मोड़ों के कारण अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Related posts

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने  दून इंटरनेशनल स्कूल, डालनवाला, देहरादून में  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘‘परीक्षा पे चर्चा-2025’’ कार्यक्रम को सुना

admin

उत्तराखण्ड देवभूमि एवं वीरों की भूमि है, बलिदानियों की भूमि है : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने दी विभिन्न विकास योजनाओं की वित्तीय स्वीकृति

admin

Leave a Comment