पर्वत संकल्प
Uncategorized

नईदिल्ली : दिल्ली धमाके के बाद बढ़ाई जाएगी लाल किले की सुरक्षा, 200 कैमरे समेत ये होंगे इंतजाम

नईदिल्ली,28 नवंबर (आरएनएस)। दिल्ली में लाल किला के पास हुए बम धमाके के बाद अब यहां सुरक्षा और सख्त करने की तैयारी है। इस इलाके में अब 200 और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यहां पहले से ही 600 से ज्यादा कैमरे लगे हुए हैं। इसके अलावा अंडर व्हीकल स्कैनिंग सिस्टम और लाल किला के आसपास की सीवर लाइन को भी सैनिटाइज किया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियां इसके लिए जल्द ही संबंधित अधिकारियों और विभागों के साथ बैठक करने वाली हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, 10 नवंबर को हुए बम धमाके के बाद एजेंसियों ने कई हितधारकों के साथ उच्च-स्तरीय बैठकें कीं। इसके बाद सुरक्षा में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया गया है। लाल किले के पार्किंग क्षेत्र में अतिरिक्त कैमरों के अलावा पहली बार अंडर व्हीकल स्कैनिंग सिस्टम भी लगाया जाएगा। इससे स्मारक में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की किसी भी संदिग्ध वस्तु की जांच करने में मदद मिलेगी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, लाल किला और उसके आसपास का कुछ इलाका भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के नियंत्रण में आता है। विस्तृत सर्वेक्षण के बाद दिल्ली पुलिस आवश्यकतानुसार तकनीकी उन्नयन के लिए एएसआई को पत्र लिख सकती है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग और नगर निगम को स्मारक के नीचे और आसपास बहने वाली सीवर लाइनों को सैनिटाइज करने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली धमाके के बाद पुलिस ने सरोजिनी नगर मार्केट में प्रवेश करने वाले 3 गेटों को बंद कर दिया है। मेटल डिटेक्टर भी लगाए गए हैं। वहीं, पुलिस ने लाल किले के आसपास के बाजार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ भी बैठकें कीं और दुकानदारों और व्यापारियों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर चर्चा की। एक अधिकारी ने कहा, उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों के बाद हम बाजार में महिला कर्मियों सहित अतिरिक्त जनशक्ति तैनात कर रहे हैं।
10 नवंबर को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुए धमाके में 15 लोगों की मौत हो गई थी और लगभग 30 घायल हो गए थे। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे आतंकवादी हमला बताते हुए इसका संबंध जैश-ए-मोहम्मद के फरीदाबाद मॉड्यूल से बताया था। इस घटना की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी कर रही है, जिसमें फरीदाबाद के अल-फलाह विश्वविद्यालय समेत देशभर से कई डॉक्टरों और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।

Related posts

अल्मोड़ा की समस्याओं के समाधान को विधायक मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

admin

हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह बोलीं, पूर्व सरकार की फिजूलखर्ची से बिगड़ी अर्थव्यवस्था

admin

कृषि मंत्री जोशी ने अपने शासकीय आवास में निकाला शहद, 30 बक्सों से निकला 60 किलोग्राम से अधिक शहद

admin

Leave a Comment