पर्वत संकल्प
उत्तराखण्ड

पित्थुवाला खुर्द में अवैध प्लॉटिंग पर एमडीडीए की कार्रवाई, एक बीघा भूमि पर विकसित हो रही कॉलोनी ध्वस्त

देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग एवं अनधिकृत भूमि विकास के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को सिमला बाईपास स्थित पित्थुवाला खुर्द क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।

प्राधिकरण के अनुसार पित्थुवाला खुर्द क्षेत्र में सुभाष कश्यप द्वारा लगभग एक बीघा भूमि पर बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति एवं स्वीकृत ले-आउट के अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। निरीक्षण के उपरांत मामले की जांच की गई, जिसमें भूमि विकास कार्य नियमों के विपरीत पाया गया। इसके बाद प्राधिकरण ने नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई।

एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग, कॉलोनी विकास अथवा निर्माण गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण का कहना है कि अवैध विकास गतिविधियां न केवल शहरी नियोजन को प्रभावित करती हैं, बल्कि भविष्य में नागरिक सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना के विकास में भी बाधा उत्पन्न करती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए लगातार निगरानी एवं प्रवर्तन की कार्रवाई की जा रही है।

ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सहायक अभियंता विजय सिंह रावत, अवर अभियंता मुनेष राणा तथा प्राधिकरण के सुपरवाइजर मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी है। किसी भी व्यक्ति को नियमों की अनदेखी कर भूमि विकास करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में होने वाली प्रत्येक विकास गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से किसी भी भूखंड या संपत्ति में निवेश करने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति एवं प्राधिकरण की स्वीकृतियों की जांच करने की अपील की।

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संपत्ति में निवेश से पूर्व उसकी वैधता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

Related posts

आजीविका की नई तस्वीर: ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाते स्वरोजगार मॉडल का स्थलीय मूल्यांकन  

admin

रामनवमी पर सीएम धामी ने किया कन्या पूजन

admin

उत्तराखण्ड : भू-कानून उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और भूमि अधिकारों का संरक्षकः सीएम

admin

Leave a Comment