रुद्रपुर(आरएनएस)। 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति (राज्य स्तरीय) के नवनियुक्त उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने देहरादून में पदभार ग्रहण करते ही अधिकारियों के साथ बैठक कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट तलब करते हुए नियमित समीक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। रामपाल सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 20 सूत्रीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसे धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही प्रदेश के विकास, गरीब कल्याण, सामाजिक न्याय एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रमों की नियमित निगरानी कर सरकार की मंशा के अनुरूप परिणाम सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश नेतृत्व एवं पार्टी संगठन का आभार व्यक्त करते हुए उनके विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प दोहराया। पदभार ग्रहण समारोह में रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा, गुरमीत सिंह, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष अनिल चौहान, पूर्व किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, जगदीश सिंह, ज्ञान सिंह चौहान, रोशन अरोड़ा, संजय कुमार, रोहित मित्तल, अंजू सिंह, सिमरन सिंह, केशव शर्मा, दीपक खन्ना, पारस चुघ, गौरव, संदीप वाल्मीकि और हरीश चौधरी सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
