मनोरंजन

बहुआयामी वात्सल्य दोहे – महावीर उत्तरांचली

सब अभिभावक चाहते, घर में श्रवण कुमार,

रात-दिवस सेवा करे, जब-जब हों बीमार //1.//

 

अपनाये संस्कार तो, भूलो मत इन्सान,

जन्म मिले माँ बाप से, ऋणी रहे सन्तान //2.//

 

त्यागा पुत्र वियोग में, पिता ने जब शरीर,

छलनी गहरे कर गया, लगा राम को तीर //3.//

 

धृतराष्ट्र बनो तुम नहीं, त्याग दो पुत्रमोह,

वरना होगा झेलना, इक दिन पुत्र बिछोह //4.//

 

अवगुण में दुत्कारना, भूल गए हैं लोग,

इसी लिए सन्तान में, आया है हठयोग //5.//

 

माँ की वो ममता रही, और पिता का प्यार,

दोनों से मिलता रहा, हरदम प्यार-दुलार //6.//

 

बरसी है हरदम यहाँ, सदा नेह की धूप,

मात-पिता ने विश्व को, दिया प्रेम का रूप //7.//

 

मात-पिता को मानिये, रब का ही अवतार,

मोल न कोई कर सके, इतने हैं उपकार //8.//

 

बच्चे बिलखें भूख से, पिता रहा है काँप,

डसने को आतुर खड़ा, महंगाई का साँप //9.//

 

महंगाई के प्रेत ने, किया लाल को मौन

मात-पिता हैरान हैं, उनको पूछे कौन //10.//

– महावीर उत्तरांचली, पर्यटन विहार

वसुंधरा एन्क्लेव , दिल्ली – 110096

Related posts

साहित्य संस्था सशक्त हस्ताक्षर का हुआ गठन

admin

मनोरंजन : गदर 2 की कमाई 300 करोड़ के पार, पहले ही दिन पस्त हुई घूमर

दो भागों में रिलीज होगी विजय देवरकोंडा की वीडी 12, निर्माता नागा वामसी ने खोले फिल्म से जुड़े कई राज

Leave a Comment