उत्तराखण्ड

खनौरी बॉर्डर पर किसान की मौत से तराई किसान संगठन ने किया  धरना-प्रदर्शन

रुद्रपुर(आरएनएस)। एमएसपी गारंटी कानून की मांग को लेकर दिल्ली की ओर जा रहे एक किसान की पंजाब-हरियाणा के खनौरी बॉर्डर पर मौत से गुस्साए किसानों ने तराई किसान संगठन के आह्वान पर गुरुवार को गल्ला मंडी में धरना-प्रदर्शन किया। सरकार पर किसानों के साथ बर्बरता करने का आरोप लगाया। इस दौरान किसान महाराणा रणजीत सिंह पार्क जाकर हरियाणा सरकार का पुतला फूंकना चाहते थे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। इस बीच दोनों पक्षों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। वहीं किसानों ने हाथों में गमछा बांधकर गिरफ्तारी देने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया। बाद में किसानों ने भगत सिंह चौक पर हरियाणा सरकार का पुतला फूंका।
धरनास्थल पर हुई सभा के दौरान तराई किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजेंद्र सिंह विर्क ने कहा कि दिल्ली की ओर से कूच कर रहे किसानों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई निंदनीय है। शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे किसानों पर आंसू गैस के गोल छोड़े जा रहे हैं। किसान अनाज पैदा कर देश के करोड़ों लोगों की भूख मिटाता है। सरकार किसानों की मांगों को मानने के बजाय उन पर जुल्म ढा रही है। दिल्ली की ओर जा रहे किसानों के रास्ते में कील ठोकने का काम किया जा रहा है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के साथ अलोकतांत्रिक व्यवहार कर रही है। आरोप लगाया कि एमएसपी गारंटी कानून की मांग को लेकर आंदोलित किसानों पर गुरुवार को गोली चलने से एक जवान किसान की मौत हो गई। उन्होंने गोली चलाने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इकबाल सिंह चीमा, प्रदेश अध्यक्ष उत्तराखंड बलविंदर सिंह, बलकार सिंह, जोगा सिंह, चरनजीत सिंह, ललित मटियाली, बलराज सिंह, अमृत पाल सिंह, गुरजीत सिंह, सत्यवीर सिंह आदि मौजूद रहे।

Related posts

सरकार और जनता के बीच भरोसेमंद संवाद समय की सबसे बड़ी आवश्यकता: सीएम

admin

अशासकीय स्कूलों के प्रबंधकों ने लगाया सरकार पर मनमानी का आरोप

बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूंका सरकार का पुतला

Leave a Comment