देहरादून

भाजपा ने जनता को परेशानियां, नफरत, नकल और भ्रष्टाचार दिया : माहरा

देहरादून,07,11,2025

 

देहरादून।  प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि उत्तराखंड में पिछली पच्चीस सालों में पंद्रह साल भाजपा व दस साल कांग्रेस ने सत्ता की डोर संभाली, लेकिन ज्यादा समय राज करने वाली पार्टी भाजपा ने उत्तराखंड की जनता को परेशानियां, नफरत, नकल और भ्रष्टाचार दिया।

माहरा ने कहा कि राज्य बनते ही पहली काम चलाऊ सरकार भाजपा की बनी और पहली निर्वाचित सरकार कांग्रेस की बनी पंडित एनडी तिवारी जी के नेतृत्व में। उन्होंने कहा कि अगर तुलनात्मक अध्ययन इन २५ वर्षों का किया जाए तो कांग्रेस के दस साल भाजपा के पंद्रह सालों पर भारी पड़ते हैं क्योंकि भाजपा इन पंद्रह सालों में कोई ऐसी उपलब्धि नहीं गिनवा सकती जो राज्य की जनता के हितों से जुड़ी हो।

उन्होंने कहा कि पिछली दो सरकारों ने तो जन सरोकारों से पूरी तरह से मुंह मोड़ लिया और करोना काल में भाजपा के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पूरे लॉक डाउन में अपने सरकारी आवास से बाहर नहीं निकले। माहरा ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार का पूरा ध्यान प्रदेश में खनन करवाने और प्रदेश भर में ज्यादा से ज्यादा शराब बिकवाने में है।

माहरा ने कहा कि प्रदेश की जनता को लव जिहाद, लैंड जिहाद, थूक जिहाद में उलझा कर सरकार व भाजपा राज्य में अवैध खनन व शराब के धंधे से काली कमाई करवा रही है। उन्होंने कहा कि इस बरसात राज्य भर में आई आपदा से प्रभावित लोगों को राहत पुनर्वास का अभी इंतजार है और सरकार उनकी उपेक्षा लगातार कर रही है।

माहरा ने कहा कि नकल और नफरत का कारोबार सरकार के संरक्षण में खूब फल फूल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की रजत जयंती पर आयोजित विधानसभा के विशेष सत्र में राज्य की भाजपा सरकार विपक्ष को विश्वाश में ले कर भविष्य का कोई रोड मैप तैयार करने में भी पूरी तरह नाकामयाब रही और सत्र अपनी अपनी डफली अपना अपना राग अलापते हुए खत्म हो गया।

माहरा ने कहा कि कांग्रेस अब जनता की अपेक्षाओं और आशाओं के अनुरूप आगामी २०२७ के विधानसभा चुनावों की तैयारी कर राज्य में पुनः जनता के आशीर्वाद से जन सरोकारों के लिए समर्पित सरकार बनाएगी।

वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत राज्य भर में चले हस्ताक्षर अभियान में पूरे राज्य में अब तक पौने दो लाख हस्ताक्षर युक्त फार्म प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जमा हो चुके हैं जो आने वाले दो तीन दिनों में तीन लाख तक पहुंच जाएंगे। माहरा ने बताया कि देश भर से पांच करोड़ हस्ताक्षर करवा कर एआईसीसी देश की महामहिम राष्ट्रपति व चुनाव आयोग को यह फार्म सौंप कर वोट चोरी रोकने की पुरजोर मांग करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि भाजपा के पंद्रह सालों की सबसे बड़ी उपलब्धि राज्य में पंद्रह सालों के राज में आठ मुख्यमंत्री देना रहा। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस के मुख्यमंत्री श्री एन डी तिवारी ने राज्य को एक बेहतरीन वित्तीय प्रबंधन का ढांचा दिया वहीं भाजपा ने राज्य की वित्तीय व्यवस्था को पटरी से उतार दिया।

धस्माना ने कहा कि अपने पांच साल के शासन काल में तिवारी जी ने राज्य को सिडकुल, उपनल, पेट्रोलियम यूनिवर्सिटी, दून यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थान दिए, राज्य में एक शक्ति भू कानून बनाया, गोरखा समाज को अन्य पिछड़ा वर्ग में शामिल किया, प्राथमिक से लेकर माध्यमिक व उच्च शिक्षा विभाग में पैंसठ हजार लोगों को रोजगार दिया व राज्य में लगने वाले उद्योगों में रोजगार में सत्तर प्रतिशत आरक्षण स्थानीय युवाओं के लिए अनिवार्य किया।

धस्माना ने कहा कि इसके विपरीत भाजपा की पहली निर्वाचित सरकार में सबसे पहले श्री बीसी खंडूरी जी ने राज्य में न्याय उद्योग लगाने के लिए भूमि की उपलब्धता में असमर्थता व्यक्त कर दी जिससे राज्य में औद्योगिक विकास की गति रुक गई। उन्होंने कहा कि भाजपा की इस सरकार में भी जनता को पांच साल में तीन मुख्यमंत्री झेलने पड़े।

धस्माना ने कहा कि कांग्रेस की दूसरी निर्वाचित सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि गैरसैण जो बारह सालों तक कहीं गुम हो गया था उसे वापस फोकस में ला कर वहां तम्बू में कैबिनेट की मीटिंग, तम्बू में विधानसभा का सत्र और फिर वहां अवस्थापना का विकास जिसमें विधानसभा सचिवालय और कार्यालयों का निर्माण करवाया।

धस्माना ने कहा कि चौथी सरकार भाजपा की बनी और इसमें भी भाजपा ने तीन तीन मुख्यमंत्री बनाए। उन्होंने कहा कि इस सरकार में भाजपा के मुख्यमंत्रियों ने कांग्रेस की प्रथम निर्वाचित सरकार द्वारा बनाए गए भू कानून को नष्ट भ्रष्ट करने का काम किया।

धस्माना ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार में राज्य को नकल, पेपर लीक, अंधाधुंध खनन व घर घर शराब पहुंचाने के अलावा राज्य में महिलाओं के खिलाफ हिंसा, बलात्कार व हत्या ने सारे कीर्तिमान तोड़ दिए।

Related posts

बुनियादी ढांचे के निर्माण में  इंजीनियरों का योगदान महत्वपूर्ण :  महाराज  

admin

टपकेश्वर मंदिर में घुसा मलबा, महंतों ने भागकर बचाई जान

admin

हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री आवास में तिरंगा फहराते सीएम।  

admin

Leave a Comment