पर्वत संकल्प
उत्तराखण्ड देहरादून

अवैध खनन से जुड़ा हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में चालक की मौत, भाऊवाला पुल पर प्रदर्शन

देहरादून। पछवादून क्षेत्र में कथित अवैध खनन से जुड़ा एक हादसा सामने आया है। सेलाकुई थाना क्षेत्र स्थित स्वर्णा नदी में मंगलवार देर रात खनन सामग्री लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चालक रूपन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि वन विभाग की गश्ती टीम को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर तेजी से निकलने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली रास्ते में पड़े पत्थर से टकरा गई, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाया नहीं जा सका।

घटना के विरोध में बुधवार को मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने भाऊवाला पुल पर शव रखकर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा। 

मृतक रूपन सिंह मूल रूप से बिहार का निवासी था और लंबे समय से अपने परिवार के साथ भाऊवाला पुल के समीप झुग्गी-झोपड़ी में रह रहा था।

सूचना मिलने पर खनन कारोबारी और संबंधित वाहन स्वामी मौके पर पहुंचे। परिजनों को तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और जाम खोल दिया गया।

इस घटना के बाद क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदियों में खनन पर प्रतिबंध होने के बावजूद पछवादून क्षेत्र में रात के समय लगातार खनन गतिविधियां संचालित हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Related posts

हाईटेंशन लाइन में अर्थिंग आने से ग्रामीण परेशान

मुख्यमंत्री धामी ने गदरपुर में ₹2,830.07 लाख की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

admin

सीएम ने राज्य आपदा परिचालन केंद्र से प्रदेशभर में अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा की

admin

Leave a Comment