पर्वत संकल्प
उत्तराखण्ड देहरादून

ढकरानी में क्रेशरो ने उड़ाई नियमों की धज्जियां , प्रशासन मौन

**देहरादून/विकासनगर:** विकासनगर तहसील की ग्राम पंचायत ढकरानी में संचालित स्टोन क्रशरों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आसन वेटलैंड के प्रतिबंधित क्षेत्र में राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (NGT) के नियमों की अनदेखी करते हुए कई स्टोन क्रशर संचालित किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि इस क्षेत्र में खनन गतिविधियों पर प्रतिबंध होने के बावजूद बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से खनन सामग्री एकत्र कर उसका प्रसंस्करण किया जा रहा है।

आरोप है कि यमुना नदी से भारी मात्रा में खनन सामग्री लाकर इन स्टोन क्रशरों में दिन-रात पत्थर तोड़े जा रहे हैं। इसके बाद ओवरलोड ट्रक और डंपरों के माध्यम से यह सामग्री देहरादून और अन्य स्थानों पर भेजी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन भारी वाहनों का आवागमन शक्ति नहर के उस पुल से हो रहा है, जिसकी मरम्मत और रेट्रोफिटिंग का कार्य पूरा होने के बाद भी उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। ऐसे में लगातार ओवरलोड वाहनों के गुजरने से पुल की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि स्टोन क्रशरों से निकलने वाला गंदा पानी आसपास के खेतों और जल स्रोतों में पहुंच रहा है, जिससे किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं और जलीय जीवों के अस्तित्व पर भी खतरा मंडरा रहा है। इसके अलावा सड़कों पर बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहन तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध खनन और नियमों के विपरीत संचालित स्टोन क्रशरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Related posts

मुख्यमंत्री धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं  जलवायु परिवर्तन मंत्री  भूपेन्द्र यादव से भेंट

admin

दो दिवसीय कार्यशाला शुरू

मुख्यमंत्री ने रुद्रप्रयाग नारी शक्ति वंदन महोत्सव के अंतर्गत आयोजित ब्वै, ब्वारी, नौनी कौथिग में किया प्रतिभाग  

Leave a Comment