उत्तराखण्ड

मोदी सरकार के 12 वर्षों में हुए अभूतपूर्व विकास कार्य: डॉ. धन सिंह रावत

अल्मोड़ा(आरएनएस)।  केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी डॉ. धन सिंह रावत ने मोदी सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचा रही है। डॉ. रावत ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में व्यापक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत देशभर में करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है, जबकि उत्तराखंड में भी बड़ी संख्या में लोग इस योजना से लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से डायलिसिस की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे हजारों मरीजों को राहत मिली है। कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। डॉ. रावत ने कहा कि सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि देश में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण की गति में वृद्धि हुई है तथा चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एमबीबीएस और स्नातकोत्तर सीटों की संख्या बढ़ाई गई है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को केंद्र सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि देश को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, महापौर अजय वर्मा, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, दायित्वधारी गोविंद सिंह पिलख्वाल, ब्लॉक प्रमुख त्रिलोक रावत, ललित लटवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related posts

दो हत्याओं के बाद बिनारसी गांव छावनी में तब्दील

admin

संकल्प दिवस के रूप में मनाया सीएम धामी का जन्मदिवस

गणपति बप्पा की स्थापना करने के लिए ऐसे करें घर, मंदिर और पंडाल की सजावट

Leave a Comment