अल्मोड़ा,12,03,2026
अल्मोड़ा(आरएनएस)। भतरौजखान थाने में एक महिला ने एक व्यक्ति पर शादी का झूठा झांसा देकर नौ वर्षों तक शारीरिक और मानसिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपित नंदन सिंह रावत के खिलाफ महिला उत्पीड़न, ठगी, जालसाजी और एससी/एसटी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब नौ वर्ष पहले आरोपित ने अल्मोड़ा स्थित गोलू मंदिर में उससे शादी करने का विश्वास दिलाते हुए मंगलसूत्र पहनाया और साथ रहने लगा। इसके बाद दोनों लंबे समय तक साथ रहे और आरोपित कई बार महिला के घर भी आता-जाता रहा। आरोप है कि इस दौरान उसने महिला के सरकारी पद का लाभ उठाते हुए वाहन, कपड़े, मकान किराया और अन्य निजी खर्चों के नाम पर उससे लाखों रुपये लिए। पीड़िता के अनुसार जब उसने संबंध को कानूनी रूप देने और विवाह का पंजीकरण कराने की बात कही तो आरोपित और उसके परिवार ने जातिगत टिप्पणी करते हुए शादी से इनकार कर दिया। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी ने फोन पर धमकाते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। बताया गया कि नौ मार्च को तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू की। बासोट स्थित उसके किराए के मकान पर पहुंची पुलिस को वह फरार मिला। अगले दिन फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस ने मकान का ताला तोड़कर जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर मकान को सीज कर दिया। थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपित की तलाश जारी है।
