उत्तराखण्ड खेल

अंतरराष्ट्रीय खेल स्पर्धा के लिए तैयार उत्तराखंड : मुख्यमंत्री

देहरादून। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बहुउद्देश्यी क्रीड़ा हॉल, परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि उत्तराखंड अब सिर्फ राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में भी सक्षम है। उन्होंने कहा कि हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन इसका प्रमाण है।

खेलों को बढ़ावा देने पर ज़ोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल और खेल भावना समाज को ऊर्जा, अनुशासन और प्रेरणा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे कार्यक्रमों से देश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि आज हमारे खिलाड़ी जीतने और तिरंगा लहराने के संकल्प के साथ मैदान में उतरते हैं।

खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और योजनाओं का विकास
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित हो गया है। हाल ही में देश की एकमात्र ओलंपिक स्टैंडर्ड हिमाद्रि आइस रिंक का जीर्णोद्धार किया गया है, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित हो चुकी हैं। इसके अलावा, राज्य सरकार ‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’ के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित करने जा रही है। इन अकादमियों में हर साल 920 विश्वस्तरीय एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज भी बनाया जा रहा है। नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेताओं को सरकारी नौकरी की सुविधा भी दी जा रही है।

खिलाड़ियों को मिला सम्मान
समारोह में ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना’ के तहत 3,900 खिलाड़ियों के खाते में 1500-1500 रुपये की छात्रवृत्ति सीधे भेजी गई। इसके अलावा, विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले 250 से अधिक खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को लगभग 16 करोड़ रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई। पेरिस ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों मनदीप कौर, अमीषा रावत और मनोज सरकार को 50-50 लाख रुपये दिए गए। शौर्य सैनी और अभिनव देशवाल को 30-30 लाख रुपये की सम्मान राशि से पुरस्कृत किया गया। मानसी नेगी को खेल विभाग और मोहम्मद अरशद को पुलिस विभाग में आउट ऑफ टर्न नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने परेड ग्राउंड में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और पवेलियन फुटबॉल ग्राउंड में सिंथेटिक फुटबॉल टर्फ बनाने की घोषणा भी की। इस दौरान खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार की कोशिशों से उत्तराखंड में खेल सुविधाओं का विकास हुआ है, जिससे आने वाले समय में हर घर से खिलाड़ी निकलेंगे। समारोह में सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।

Related posts

फिल्म उद्योग से जुड़े प्रदेश के कलाकारों ने की सीएम धामी से भेंट

पिथौरागढ़ : भाजपा किसान मोर्चा की हुई  बैठक  

भारतीय किसान यूनियन( WF)फाउंडेशन ने देहरादून जिलाधिकारी के ऑफिस में प्रधानमंत्री के नाम ने दिया ज्ञापन

Leave a Comment