पर्वत संकल्प
उत्तराखण्ड

जिला न्यायालय परिसर में हेल्प डेस्क का शुभारंभ

रुद्रपुर(आरएनएस)।  आगामी 10 मई को जिले में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके दृष्टिगत वादकारियों को बेहतर सुविधाएं व आवश्यक जानकारी के लिए सोमवार को जिला न्यायालय परिसर में जिला न्यायाधीश सिकंद कुमार त्यागी ने हेल्प डेस्क का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हेल्प डेस्क के शुरू होने से वादकारियों को कानूनी जानकारियां और न्यायिक प्रक्रियाओं से संबंधित आवश्यक सहायता सरलता से प्राप्त होगी। हेल्प डेस्क पर न्यायिक अधिकारी एवं पारा विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) मौजूद रहेंगे, जो वादकारियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव योगेंद्र कुमार सागर ने बताया कि उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के तत्वावधान में यह राष्ट्रीय लोक अदालत सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे तक रुद्रपुर सहित काशीपुर, खटीमा, बाजपुर, जसपुर, सितारगंज एवं किच्छा स्थित दीवानी न्यायालयों में आयोजित की जाएगी। सचिव योगेंद्र कुमार सागर ने बताया कि आगामी लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन से जुड़े भरण-पोषण, धन वसूली, श्रम विवाद, विद्युत एवं जलकर बिलों के मामले, धारा 138 एनआई एक्ट के वाद, सिविल तथा आपराधिक शमनीय मामलों सहित कई प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त न्यायालयों में लंबित मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, वैवाहिक विवाद (तलाक को छोड़कर), भूमि अधिग्रहण वाद, सेवा से जुड़े भुगतान और भत्तों के मामले, तथा राजस्व व मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित शमनीय अपराधों के चालान भी शामिल रहेंगे। इस अवसर पर परिवार न्यायालय जज मनीष मिश्रा, अपर जिला जज प्रथम आशुतोष मिश्रा, अपर जिला जज द्वितीय मीना देउपा, अपर जिला जज तृतीय मुकेश आर्य, सीजेएम अनिता गुंज्याल, न्यायधीश हेमंत सिंह, एसीजे इंदु शर्मा, नाजिस कलिम, शमा प्रवीन, नदीम, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) शंभुनाथ सथवाल सहित अनेक अधिवक्ता एवं पीएलवी मौजूद रहे।

Related posts

मूल निवास भू-कानून समन्वय संघर्ष समिति ने किया मंत्री अग्रवाल का पुतला दहन  

admin

अब सूबे के स्कूलों में 240 दिन चलेगी कक्षाएं, परीक्षा के लिये 20 कार्यदिवस तय

admin

उत्तराखण्ड सरकार और  जर्मनी के मध्य हुआ एमओयू, रोजगार के खुले रास्ते    

admin

Leave a Comment