बागेश्वर(आरएनएस)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कई समस्याओं से जूझ रहा है। समस्याएं दूर करने की मांग को लेकर एक बार फिर से एनएसयूआई मुखर हो गई है। नाराज कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया। चिकित्साधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की। कहा कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन का बिगुल फूंक देंगे। कार्यकर्ता शुक्रवार को सीएचसी कपकोट पहुंचे। यहां स्वास्थ्य विभाग व सरकार का पुतला दहन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि अस्पातल पर तल्ला, बिचला तथा मल्ला दानपूर के लोग निर्भर हैं, लेकिन अस्पताल में अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। यह इलाज करने के बजाए रेफर सेंटर बनकर रह गया है। बारिश होने पर बार्डों में पानी भर जाता है। घंटो बिजली गुल होने से मरीज तथा तीमारदार परेशान हो जाते हैं। जनरेटर के अभाव में लोग परेशान रहते हैं। डॉक्टरों की भी भारी कमी है। उन्होंने चिकित्साधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की है। मांग करने वालों में जिलाध्यक्ष कमलेश गड़िया, प्रेम दानू, राहुल दानू, नंदन गड़िया, देवेंद्र दानू, पंकज दानू आदि मौजूद रहे।
